
ठाणे । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई से सटे ठाणे में दो मेट्रो प्रॉजेक्ट का शिलान्यास करते हुए कांग्रेस को जमकर निशाने पर लिया। पीएम ने कांग्रेस शासन के दौरान मेट्रो परियोजना की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि आठ साल के दौरान केवल 11 किलोमीटर मेट्रो का काम हुआ। पीएम ने इस दौरान कहा कि 2014 के बाद मेट्रो लाइन बिछाने की गति बढ़ी है। पीएम ने मेट्रो प्रॉजेक्ट समेत 33 हजार करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास किया। पिछली सरकार पर सवाल उठाते हुए पीएम ने कहा, मुंबई में 2006 में मेट्रो परियोजना की शुरुआत की गई थी, लेकिन आठ साल तक क्या हुआ? मामला कहां अटक गया? उन्होंने कहा, पहली लाइन आठ साल बाद 2014 में शुरू हो सकी और वह भी 11 किलोमीटर की। आठ साल में केवल 11 किलोमीटर? उन्होंने कहा कि साल 2022 से 2024 के बीच मुंबई वासियों को पौने 3 सौ किलोमीटर की मेट्रो रेल लाइन उपलब्ध हो जाएगी। पीएम ने कहा, 2014 के बाद हमने तय किया कि मेट्रो लाइन बिछाने की स्पीड भी बढ़ेगी और स्केल भी बढ़ेगी। पिछले चार साल में मुंबई में मेट्रो का जाल बिछाने के लिए अनेक नई परियोजनाओं की शुरुआत की गई है। इसी सोच पर चलते हुए आज दो और मेट्रोलाइनों का शिलान्यास किया गया है। यानी आने वाले 3 साल में यहां 35 किलोमीटर की मेट्रो क्षमता और जुड़ जाएगी। पीएम मोदी ने कहा, आज भी यहां 33 हज़ार करोड़ रुपये से अधिक के प्रॉजेक्ट्स का शिलान्यास किया गया है और उसमें दो मेट्रो लाइन्स भी शामिल हैं। ठाणे में 90 हजार गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों के लिए अपने घरों के निर्माण से जुड़े प्रॉजेक्ट की भी शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि मेट्रो वैकल्पिक परिवहन साधनों के रूप में सबसे प्रभावशाली माध्यम बनता जा रहा है। पीएम ने इस दौरान मुंबई और ठाणे को देश का गौरव बताते हुए कहा, मुंबई और ठाणे देश का वह हिस्सा है जिसने देश के सपनों को साकार करने में मदद की है। छोटे-छोटे गांवों-कस्बों से आए सामान्य लोगों ने यहां बड़ा नाम कमाया है, देश को गौरवान्वित किया है। यहां जन्म लेने वालों, यहां रहने वालों का हृदय इतना विशाल है कि सबको अपने दिल में जगह दी है। तभी तो यहां पर पूरे भारत की तस्वीर एक ही जगह दिखती है। जो भी यहां आता है वो मुंबइया रंग में रंग जाता है, मराठी परंपरा का हिस्सा हो जाता है। पीएम ने कहा, आज मुंबई का विस्तार हो रहा है, चारों ओर विकास हो रहा है। लेकिन इसके साथ-साथ यहां संसाधनों पर भी दबाव बढ़ा है। विशेषतौर पर यहां के ट्रांसपोर्ट सिस्टम, सड़क और रेल व्यवस्था पर इसका प्रभाव दिखने को मिलता है। इसी को ध्यान में रखते हुए बीते चार-साढ़े चार वर्षों में मुंबई और ठाणे समेत इससे सटे तमाम इलाकों के ट्रांसपोर्ट सिस्टम को बेहतर करने के लिए अनेक प्रयास किए गए हैं।
The National News
249043 650849You created some respectable points there. I looked on the internet for the issue and identified a lot of people will go along with with your web site. 982504