Related Articles
Максимальные выигрыши с mostbet – ваш ключ к успеху10/21/2026
Hamster Run casino ile kazancını katla
10/20/2026
Top tips to Keno game online like a pro
10/20/2026
Hamster Run casino ile kazancını katla
10/20/2026
Top tips to Keno game online like a pro
10/20/2026

नईदिल्ली । राजधानी दिल्ली समेत समस्त उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड के साथ ही घने कोहरे से लोग ठिठुरन महसूस कर रहे हैं। बुधवार को राजधानी में तापमान 5.2 डिग्री तक पहुंच गया. पहाड़ों में हो रही बर्फबारी की वजह से यहां ठंड बढऩे लगी है. दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में गुरुवार सुबह घने कोहरे और सर्द हवाओं ने कड़ाके की ठंड का एहसास कराया. मौसम वैज्ञानिकों ने भी गुरुवार की सुबह धुंध और कोहरा छाने का पूर्वानुमान जताया था. अभी ठंड और बढऩे की आशंका जताई गई है. मौसम विज्ञान विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक अब पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ती बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ का असर मैदानी इलाकों में भी देखने को मिल रहा है. जिसने दिल्ली एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत को ठंड की चपेट में ले लिया है. सर्दी के साथ ही कोहरे ने भी लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है. अब इसका असर यातायात पर भी पडऩे लगा है. कोहरे के कारण कई ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं.
मौसम वैज्ञानिकों ने पूर्व में घोषणा की थी कि गुरुवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 22 और 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. दिल्ली में पिछला मंगलवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा. मंगलवार को पारा 5.1 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया. यह इस सीजन के औसम से तीन डिग्री कम था.
आदमपुर में पारा पहुंचा 1.5 डिग्री सेल्सियस
पंजाब एवं हरियाणा में पिछले कुछ दिनों से शीतलहर का प्रकोप जारी है. बुधवार को अधिकतर स्थानों पर तापमान इस मौसम में सामान्य तापमान से कम रहा. मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पंजाब में आदमपुर एक बार फिर दोनों राज्यों में सबसे ठंडा स्थान रहा. यहां न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. फरीदकोट का भी न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जबकि बठिंडा का तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक गया.
वहीं अमृतसर का तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस, हलवाड़ा का 4.8 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में चार डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 5.6 डिग्री सेल्सियस, पठानकोट में पांच डिग्री सेल्सियस और गुरदासपुर में पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हरियाणा राज्य में नारनौल सबसे ठंडा स्थान रहा. यहां का न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
जम्मू और कश्मीर में जारी है ठंड का प्रकोप
घाटी के कई इलाको में तापमान शून्य से नीचे ही बना हुआ है. मौसम विभाग ने बुधवार को बताया कि जम्मू के इलाकों में रात का पारा पहले से बेहतर हुआ है. मंदिरों के इस शहर में तापमान छह डिग्री सेल्सियस रहा. यह इस मौसम में सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है. जम्मू में सोमवार को रात का तापमान सबसे कम 4.4 डिग्री सेल्सियस था. वहीं राज्य के डोडा जिले के भद्रवाह कस्बे में रात का तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस रहा. जबकि इससे पहले यहां रात का तापमान शून्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस नीचे पर था.
जम्मू को कश्मीर से जोडऩे वाले राजमार्ग जम्मू श्रीनगर राजमार्ग के किनारे बसे बनिहाल में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम विभाग ने बताया कि कश्मीर घाटी के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे ही बना रहा. श्रीनगर में रात का तापमान शून्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस नीचे से सुधर कर शून्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस नीचे पर आ गया. इन दिनों यहां पर सामान्य तापमान शून्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे पर रहता है.
The National News