Breaking News
Himachal JAMMU UTTARAKHAND

पहाड़ों में बर्फबारी से उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, 750 उड़ानें और सौ ट्रेनें प्रभावित

Himachal JAMMU UTTARAKHAND

नईदिल्ली । जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी के साथ उत्तर भारत में हाड़ कंपा देने वाली ठंड का कहर जारी है वहीं राष्ट्रीय राजधानी में घने कोहरे से कम हुई दृश्यता के चलते कई उड़ानें रद्द करनी पड़ीं और रेल सेवाएं बाधित हो गईं। सूत्रों ने जानकारी दी है कि एयरपोर्ट पर घने कोहरे के कारण आधी रात तक 46 फ्लाइटें डायवर्ट की गई थीं। पिछले 24 घंटे में 19 से ज्यादा उड़ानों को रद्द भी किया गया है।
दिल्ली हवाई अड्डे पर अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार सुबह छाए कोहरे की वजह से दृश्यता शून्य हो गई जिससे 750 उड़ानें प्रभावित हुई हैं। वहीं दिल्ली से 100 ट्रेनें भी लेट चल रही हैं।उधर, कोहरे को देखते हुए पहले ही बहुत सारी ट्रेनें कैंसल की जा चुकी हैं। कई ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया गया है। शुक्रवार को 100 से अधिक ट्रेनें दो घंटे विलंब से चल रही थीं। आज उत्तर भारत की 17 ट्रेनें ऑपरेशनल कारणों से लेट चल रही हैं।
इंडिगो ने ट्वीट करके कहा है कि एयरपोर्ट के लिए घर से निकलने से पहले एक बार फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक कर लें क्योंकि खराब मौसम की वजह से फ्लाइट ऑपरेशन प्रभावित है। एयरलाइन से ट्विटर और फेसबुक पर भी कॉन्टैक्ट किया जा सकता है। स्पाइसजेट और गो एयर ने भी यही सलाह दी है।
वहीं, सड़कों पर सुबह के समय वाहन रेंगते हुए बढ़े। शाम होने के साथ ही कोहरा घना होता गया। मौसम विभाग ने शनिवार को हल्की बारिश और कोहरा बढऩे के साथ तापमान में और कमी की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में ताजा बर्फबारी के बीच शुक्रवार सुबह दिल्ली में हवा में नमी 100 फीसदी तक पहुंच गई। तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके चलते घना कोहरा छा गया। सुबह करीब 5:30 बजे पालम एयरपोर्ट पर दृश्यता शून्य हो थी। 8:30 बजे पालम की दृश्यता करीब 50 मीटर और सफदरजंग में 100 मीटर थी। दिन चढऩे के साथ इसमें सुधार आया।
दिल्ली-एनसीआर का प्रदूषण स्तर शुक्रवार को फिर गंभीर स्तर पर पहुंच गया। दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 432 पर था। एनसीआर में नोएडा सबसे प्रदूषित रहा। इसका एक्यूआई 463 दर्ज किया गया। गाजियाबाद का एक्यूआई 444 पर था।
ग्रेटर नोएडा, फरीदाबाद व गुरुग्राम में एक्यूआई 427, 420 व 306 रहा। सीपीसीबी के मुताबिक, नमी और हवा की रफ्तार भी दस किमी प्रतिघंटा से नीचे रही। मिक्सिंग हाइट भी दो किमी पर थी। इनके मिलेजुले असर से प्रदूषण टिक गया। शनिवार और रविवार को एक्यूआई में सुधार की संभावना है।
हरियाणा और पंजाब में ठंड का कहर जारी रहा और शुक्रवार को 4.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ हिसार दोनों राज्यों में सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया। हिसार का न्यूनतम तापमान औसत से दो डिग्री कम रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, करनाल में न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस रहा जबकि नारनौल में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबाला, रोहतक, भिवानी और सिरसा में न्यूनतम तापमान क्रमश: 8.6, 6.8, 6.3 और 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के बठिंडा में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि पटियाला में 7.6 डिग्री सेल्सियस के न्यूनतम तापमान पर लोग ठंड से कंपकंपाते रहे।

Check Also

जर्जर स्कूल के मरम्मत का कार्य प्राथमिकता देते हुए करें : कलेक्टर

– विधानसभा के प्रश्नों के उत्तर प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में भेजने के दिए निर्देश …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *