ऋषिकेश, 21 फरवरी
दिनेश सिंह सुरियाल
संत निरंकारी मिशन की सेवा भावना और मानव कल्याण के संकल्प को साकार करने के लिए ‘प्रोजेक्ट अमृत’ के तहत स्वच्छ जल, स्वच्छ गन परियोजना के तृतीय चरण में संत निरंकारी मिशन के तहत स्वच्छता अभियान चलाया।
रविवार को माता सुदीक्षा महाराज एवं सत्कार योग्य निरंकारी राजपिता रमित के पावन सान्निध्य में ब्रांच ऋषिकेश द्वारा त्रिवेणी घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया। जिसमें प्रातः 7 बजे त्रिवेणी घाट पर मिशन के सेवादार एकत्रित हुए व जोनल इंचार्ज हरभजन सिंह के नेतृत्व में सर्वप्रथम प्रार्थना की और उसके पश्चात गंगा जी के किनारों पर फैली गंदगी को साफ किया। अभियान में सेवादारों ने 40 बोरी कूड़ा एकत्रित किया। जिसमें गंगा जी में कपड़े, पूजा सामग्री, प्लास्टिक की पॉलिथीन, खंडित मूर्तियां और अनेक प्रकार का कूड़ा को निकाल कर बोरों में भरकर नगर निगम के हवाले किया गया। इस अवसर पर संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के बच्चों ने पानी के संरक्षण, पानी को स्वच्छ रखने का संदेश नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया। इस अवसर पर संत निरंकारी मंडल के सचिव जोगिंदर सुखीजा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह वृहद अभियान देशभर में 27 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 900 से अधिक शहरों में 1600 से भी अधिक स्थानों पर एक साथ आयोजित किया गया है। कहा कि संत निरंकारी मिशन के लगभग 10 लाख समर्पित स्वयंसेवक के साथ-साथ इंद्रप्रस्थ, जेएनयू और दिल्ली विश्वविद्यालय सहित विभिन्न संस्थानों के युवाओं के साथ मिलकर जल संरक्षण और स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे। गीतों की संगीतमय प्रस्तुति, समूह गान, जागरूकता सेमिनार और सोशल मीडिया अभियानों के माध्यम से जल जनित रोगों और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है। यह पहल केवल सफाई तक सीमित न रहकर आज की युवा पीढ़ी को समाज कल्याण की दिशा में सकारात्मक कार्य करने के लिए प्रेरित करने का एक सशक्त माध्यम बनेगी।