रुद्रप्रयाग, 20 मार्च
दिनेश सिंह सुरियाल
रूद्रप्रयाग के जखोली ब्लॉक के घेघड़खाल में एक वाहन गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई है जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। घायल को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में भर्ती किया गया है।
जानकारी के अनुसार बुद्धवार शाम लगभग 5.30 बजे जखोली ब्लॉक के घेघड़खाल में एक वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 300 मीटर नीचे खाई में जा गिरा। हादसे में ग्राम घेघड, रुद्रप्रयाग निवासी राम सिंह बिष्ट (45) पुत्र शेर सिंह और उनके 16 वर्षीय पुत्र अमन बिष्ट की मौत हो गई। जबकि हर्ष लाल (65) घायल हो गया। जिला आपदा प्रबंधन की टीम ने स्थानीय लोगों की सहायता से घायल और दोनों शवों को खाई से सड़क तक पहुंचाय व घायल हर्ष लाल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में भर्ती कराया ।