Breaking News
KEDARNATH MANDIR

पीएम मोदी के निर्देश पर केदारनाथ में योग साधना के लिए तैयार हुई गुफा

KEDARNATH MANDIR

देहरादून (अनुसूया प्रसाद मलासी)। साढ़े आठ लाख रुपये की लागत से केदारनाथ में योग साधना के लिए रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने एक गुफा तैयार कर ली है। गुफा का निर्माण विशुद्ध रूप से पहाड़ी शैली में किया गया है। यह गुफा केदारनाथ मंदिर के बाईं ओर की पहाड़ी पर स्थित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केदारपुरी से दो किमी पहले गरुड़चट्टी में स्थित गुफा की तर्ज पर केदारनाथ में भी गुफा बनाने के निर्देश प्रदेश सरकार को दिए थे। इसके पीछे मंतव्य था कि अगर साधना का इच्छुक कोई भी व्यक्ति केदारपुरी साधना करना चाहे तो वह यहां ऐसा कर सके। केदारनाथ में पांच मीटर लंबी और तीन मीटर चौड़ी यह गुफा तैयार की गई है। यहां पर साधना के लिए सभी जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। गुफा की छत पठाल (पहाड़ी पत्थर) से बनाई गई है और उसका आंगन भी पठालों से बनाया गया है। साधना के दौरान गुफा का दरवाजा पूरी तरह बंद रहेगा और खिड़की से ही साधनारत व्यक्ति को भोजन और अन्य जरूरी सामान भिजवाया जाएगा। आपातकाल के लिए गुफा में लोकल फोन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि गढ़वाल मंडल विकास निगम के स्थानीय कार्यालय को तत्काल सूचना भेजी जा सके। साधना के लिए ऑनलाइन बुकिंग  गुफा का निर्माण निम (नेहरू पर्वतारोहण संस्थान) ने जिंदल ग्रुप के सहयोग से किया है। अप्रैल में इसका निर्माण शुरू किया गया था। डीएम मंगेश घिल्डियाल के अनुसार गुफा के संचालन का जिम्मा गढ़वाल मंडल विकास निगम को सौंपा गया है। इसकी बुकिंग साधना का इच्छुक कोई भी व्यक्ति ऑनलाइन करा सकता है। डीएम के अनुसार केदारपुरी में कुल पांच गुफाओं का निर्माण होना है। यह पहली गुफा ट्रायल के तौर पर बनाई गई है। आम लोगों में साधना के प्रति कितना उत्साह है, इससे इसका पता भी अंदाज हो सकेगा।  डीएम ने बताया कि गुफा को एक व्यक्ति अधिकतम तीन दिन के लिए ही बुक करा सकता है। जरूरी होने पर ही बुकिंग की अवधि बढ़ाई जा सकेगी। गुफा की बुकिंग में कितना खर्च आएगा, यह गढ़वाल मंडल विकास निगम ही तय करेगा। गुफा की बुकिंग कराने वाले व्यक्ति का पहले गुप्तकाशी में मेडिकल होगा, इसके बाद केदारनाथ में भी मेडिकल होगा। अनफिट पाए जाने पर बुकिंग निरस्त कर दी जाएगी। गुफा में एक समय में एक ही व्यक्ति साधना कर सकेगा।

Check Also

Top tips to Keno game online like a pro

The web site is for entertainment solely, with no real money, including Cash Prizes, Free …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *