स्काउट-गाइड आंदोलन को नई दिशा देने की तैयारी, नरेंद्रनगर की त्रैमासिक बैठक में बनी आगामी योजनाएं
नरेंद्रनगर (टिहरी गढ़वाल)। भारत स्काउट एवं गाइड नरेंद्रनगर की त्रैमासिक बैठक राजकीय प्राथमिक विद्यालय ढालवाला में 17 अगस्त 2026 को उत्साहपूर्वक संपन्न हुई। बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और स्काउट-गाइड आंदोलन को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में पंजीकरण एवं नवीनीकरण शुल्क, वार्षिक अंशदान, आगामी प्रशिक्षण शिविरों की तैयारियों और संगठन के रिक्त पदों पर नए पदाधिकारियों के गठन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही सभी विद्यालयों में स्काउट-गाइड गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने और अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इस अभियान से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया।
पदाधिकारियों ने कहा कि स्काउटिंग केवल एक गतिविधि नहीं बल्कि अनुशासन, सेवा, नेतृत्व और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का माध्यम है। सभी सदस्यों से निर्धारित वेशभूषा, समयपालन और सेवा भावना के साथ संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया गया।
बैठक में ब्लॉक मुख्यायुक्त श्रीमती दीप्ति, जिला सचिव (स्काउट/गाइड) श्री बी.पी. सिंह, ब्लॉक आयुक्त श्री विनोद कुमार, जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) श्री आदित्य नारायण सिंह सहित अनेक पदाधिकारी, स्काउट मास्टर एवं गाइड कैप्टन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक सचिव श्री जयराम कुशवाहा ने किया। अंत में सभी पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन, सहयोग और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
प्रेषक – विश्व प्रकाश मेहरा, संवाददाता, भारत स्काउट एंड गाइड उत्तराखंड

The National News