Breaking News

मनीला के ऐतिहासिक खालसा दीवान गुरुद्वारे के पुनर्निर्माण की पीएम मोदी ने रखी आधारशिला, अरदास में हुए शामिल

मनीला । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला स्थित ऐतिहासिक खालसा दीवान गुरुद्वारे में मत्था टेका और पुनर्निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारे में आयोजित अरदास में भी हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री ने समारोह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए इस ऐतिहासिक अवसर का हिस्सा बनने को अपना सौभाग्य बताया।
करीब एक सदी पुराने खालसा दीवान गुरुद्वारे का सिख समुदाय के लिए विशेष धार्मिक और सामाजिक महत्व है। वर्ष 1920 के दशक में स्थापित यह गुरुद्वारा फिलीपींस में सिख और पंजाबी समुदाय की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है।
पुनर्निर्माण परियोजना के तहत ऐतिहासिक गुरुद्वारे को आधुनिक सुविधाओं से युक्त पांच मंजिला भव्य परिसर के रूप में विकसित किया जाएगा। इसमें धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ सामुदायिक आयोजनों के लिए भी पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराया जाएगा।
गुरुद्वारे के ग्रंथी बाबा मनमोहन सिंह के अनुसार, निर्माण कार्य अगले दो वर्षों में पूरा करने की योजना है। लक्ष्य वर्ष 2029 में गुरुद्वारे की 100वीं वर्षगांठ तक पुनर्निर्माण कार्य संपन्न करना है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के सिख धर्म के प्रति सम्मान और समुदाय से जुड़ाव की सराहना की।
समारोह में शामिल मंदीप सिंह ने भी इसे सिख समुदाय के लिए गौरवपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री का फिलीपींस पहुंचकर ऐतिहासिक गुरुद्वारे के पुनर्निर्माण की शुरुआत करना समुदाय के लिए विशेष महत्व रखता है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए फिलीपींस पहुंचे थे। मंगलवार को उन्होंने 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। इस दौरे के दौरान भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के नेताओं की संभावित क्वाड बैठक पर भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नजर बनी हुई है। करीब दो साल बाद क्वाड नेताओं की प्रस्तावित उच्चस्तरीय बैठक और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ प्रधानमंत्री मोदी की संभावित मुलाकात को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Check Also

Iskustva Sa Plus Hosting Uslugama: Što Su Korisnici Otkrili

U ovom članku istražujemo iskustva korisnika Plus hosting usluga, fokusirajući se na ono što su …