ऋषिकेश, 30 अप्रैल
डीएस सुरियाल
चारधाम यात्रा शुरू होते ही ऋषिकेश में इन दिनों यात्रियों और पर्यटकों की संख्या बढ़ती जा रही है। ऐसे में ऋषिकेश के व्यापार और यहां के व्यापारियों के लिए यह समय महत्वपूर्ण है। लेकिन पर्यटकों और यात्रियों को ऋषिकेश की दिशा दिखाने वाली सबसे मजबूत साधन गूगल मैप पर कुछ अलग ही देखने को मिल रहा है।
गूगल मैप पर श्यामपुर से लेकर चंद्रभागा तक के ऋषिकेश मुख्य मार्ग को ब्लॉक दिखाया गया है जिस कारण सभी यात्री और पर्यटक मजबूरन बायपास होते हुए जा रहे हैं। इस कारण से नगर के व्यापारियों को बहुत नुकसान का सामना करना पड़ रहा है, फिर चाहे वह होटल व्यापारी हो या अन्य व्यापारी सभी को इस समस्या से जूझना पड़ रहा है। जिससे व्यापारी व संघ आक्रोशित है।
सवाल यह है कि आखिर किसकी अनुमति से गूगल मैप पर मार्ग को अवरुद्ध दिखाया गया। बिना प्रशासन की अनुमति के ऐसा होना संभव नहीं है। लिहाज़ा व्यापार मंडल ऋषिकेश ने इस बात की चेतावनी दी है कि अगर शीघ्र ही इसको बदला नहीं गया तो आने वाले शनिवार को व्यापार मंडल श्यामपुर चौकी पर धरना प्रदर्शन करेगा।
नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र ने कहा ऋषिकेश के व्यापारियों के लिए यह समय स्वर्ण समय की तरह है, ऐसे में यदि यात्रियों व पर्यटकों को भ्रमित करके किसी और मार्ग से भेजा जाता है तो यह यहां के व्यापारियों के साथ अन्याय है जिसका व्यापार मंडल और व्यापारी पूरजोर विरोध करेंगे।
नगर उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री प्रतीक कालिया ने कड़े शब्दों में इसकी निंदा करते हुए कहा कि ऋषिकेश का व्यापारी इस समय का वर्षभर प्रतिक्षा करता है जब देश विदेश से यात्री और पर्यटक यहां आते हैं और खरीदारी करते हैं। लेकिन यदि प्रशासन के द्वारा इस तरह से गूगल मैप पर मार्ग अवरुद्ध दिखाया जाएगा तो यात्री ऋषिकेश कैसे पहुंचेगा। इस कारण न सिर्फ होटल व्यापारी बल्कि अन्य सभी व्यापारियों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। प्रशासन को चाहिए कि वह कोई विकल्प की खोज करें जिससे ट्रैफिक व्यवस्था भी सही रहे और व्यापार पर भी कोई असर न पड़े। कहा कि प्रशासन को यह कदम उठाने से पहले व्यापारियों की राय अवश्य लेनी चाहिए थी।
कहा कि प्रशासन के इस कृत्य से व्यापार मंडल का आक्रोश सातवें आसमान पर है। उन्होंने सीधे शब्दों में प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही आगे मार्ग को नहीं खोला गया तो शनिवार को श्यामपुर चौकी पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।